हजारीबाग: बैहरी सखिया स्थित गोपाल शिवांगना शिव मंदिर परिसर में सावन पूर्णिमा के अवसर पर सावन पूर्णिमा लव-कुश मेला महोत्सव सह श्रीराम-लव-कुश मंदिर निर्माण को लेकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शनिवार देरशाम किया गया. इसमें आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया.
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान से हुई. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लव-कुश और भगवान हनुमान की पूजा कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की. इस दौरान प्रस्तावित श्रीराम-लव-कुश मंदिर निर्माण को लेकर लोगों में उत्साह दिखा. लोगों ने मंदिर निर्माण को धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने वाली पहल बताया.
समारोह का मुख्य आकर्षण भक्ति जागरण रहा. जागरण में प्रस्तुत भक्ति गीतों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. इस दौरान जय श्रीराम और लव-कुश के जयकारों से परिसर गूंजता रहा. श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.
मुख्य आयोजक समाजसेवी प्रशांत कुमार सिन्हा (आईआरएस) के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्था में सक्रिय रहे. श्री सिन्हा ने आयोजन की सफलता के लिए श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं.
यह भी पढ़ें: Hazaribagh News: राष्ट्रीय खेल दिवस पर मैदान में उतरे छात्र, फुटबॉल में दिखाया दम
