हजारीबाग: भाकपा माले के दो दिवसीय कॉमरेड एके राय राज्य पार्टी स्कूल की शुरुआत मंगलवार को शहीद खुदीराम बोस, आरएन सिंह और महेंद्र चौधरी को श्रद्धांजलि देकर हुई. कार्यक्रम का आयोजन मधुबन धर्मशाला में किया गया.
छात्र आंदोलन पर बल प्रयोग उचित नहीं : भट्टाचार्य
कार्यक्रम में पार्टी महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितता और नियुक्ति में घोटाले के खिलाफ छात्र संगठित होकर आंदोलन कर रहे हैं. विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस का लाठीचार्ज दुर्भाग्यपूर्ण है. छात्र आंदोलन पर बल प्रयोग उचित नहीं है.
उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से झारखंड के छात्रों के आंदोलन को जेनजी आंदोलन से अलग बताकर युवाओं को बांटने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि जेनजी आंदोलन ने केंद्र सरकार पर दबाव बनाया और शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा. प्रधानमंत्री छात्रों पर हुए पुलिसिया दमन और लाठीचार्ज पर कुछ नहीं बोलते, लेकिन अपने खिलाफ कथित टिप्पणी का जिक्र करते हैं.
आंदोलन के बाद भी छात्रों की पहचान कर दमन का आरोप
भट्टाचार्य ने कहा कि आंदोलन खत्म होने के बाद भी छात्रों की पहचान कर दमन किया गया. उन्होंने छात्र नेत्री नेहा बोरा को देश के छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताया. उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगें पूरी करने और आंदोलन पर बल प्रयोग बंद करने की मांग की.
पार्टी स्कूल में राज्यभर से करीब 200 पार्टी सदस्य शामिल हुए. केंद्रीय कमेटी के सदस्य कैलाश पांडे, हलधर महतो, शिवेंदु सेन और दीपंकर भट्टाचार्य शिक्षक के रूप में मौजूद रहे.
