हजारीबाग. मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड की टूलकिट वितरण योजना के तहत शुक्रवार को कटकमसांडी प्रखंड के उलांज में बांस कला प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. प्रशिक्षण का आयोजन एनइइडीएस संस्था द्वारा किया जा रहा है. प्रशिक्षण के दौरान चयनित आर्टिजनों को बांस कला से संबंधित औजारों की टूलकिट एवं कच्चा माल संस्था द्वारा उपलब्ध कराया गया है.
15 दिवसीय प्रशिक्षण में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की कुल 27 महिलाएं शामिल हैं. मास्टर ट्रेनर प्रतिभागियों को बांस से विभिन्न उपयोगी व आकर्षक उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण देंगे. इनमें मोढ़ा, पाइनएप्पल लैंप, यूटिलिटी बॉक्स सहित बांस से निर्मित अन्य हस्तशिल्प उत्पाद शामिल हैं.
टूलकिट वितरण योजना में 90 प्रतिशत सामग्री एनइइडीएस संस्था एवं टूलकिट मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड द्वारा उपलब्ध करायी गयी है. एनइइडीएस संस्था द्वारा जिले में बांस कला प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इससे पूर्व दारू प्रखंड के मोकतमा, इचाक प्रखंड के हदारी एवं अलौंजाखुर्द में भी यह आयोजित किया जा चुका है.
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशिक्षित महिलाओं को संस्था की ओर से वर्क ऑर्डर उपलब्ध कराने के साथ-साथ डीसी हैंडीक्राफ्ट आर्टिजन कार्ड बनाने में सहयोग किया जायेगा. इस पहल से बांस कला से जुड़ी महिलाओं को कौशल विकास के साथ स्थायी स्वरोजगार एवं आय के अवसर प्राप्त होंगे. इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकेंगी.
