हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट
Jharkhand Education Department Transfers, हजारीबाग: झारखंड के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तर पर शिक्षा विभाग के भीतर एक बहुत बड़ा फेरबदल हुआ है. सभी सात जिलों के विभिन्न शिक्षा कार्यालयों में लंबे समय से एक ही जगह पर जमे 74 शिक्षा कर्मियों का सामूहिक स्थानांतरण (तबादला) और पदस्थापन किया गया है. क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक (आरजेडीई) कार्यालय की ओर से शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 की देर शाम इसकी आधिकारिक सूची जारी कर दी गई. इस बड़े प्रशासनिक बदलाव के बाद शनिवार को जैसे ही शिक्षा कार्यालय खुले, कर्मचारियों के बीच ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. कई दफ्तरों में कहीं खुशी, तो कहीं गम जैसी स्थिति देखने को मिली.
लंबे समय से एक ही सीट पर जमे 74 कर्मियों पर गिरी गाज
जारी की गई सूची के अनुसार, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिले के शिक्षा कार्यालयों में वैसे कर्मियों को हटाया गया है जिनका कार्यकाल एक स्थान पर तय सीमा से अधिक हो चुका था. तबादला सूची का गणित इस प्रकार है.
- एक कार्यालय में 3 वर्ष से अधिक जमे 23 कर्मचारियों को बदला गया
- एक जिले में 6 वर्ष से अधिक जगह पर जमे 41 कर्मचारियों का स्थानांतरण हुआ
- 8 से 12 वर्ष से एक ही जगह पर रह रहे 10 कर्मियों को भी जिला या दफ्तर बदलना पड़ा है.
Also Read: रांची में डाक विभाग शर्मसार: डाकिया निकला महा-लापरवाह, घर में छुपा रखे थे कई दस्तावेज
DEO दफ्तर के पुराने चेहरे बदले गए
इस फेरबदल से हजारीबाग जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय के लगभग सभी पुराने चेहरे बदल गए हैं और अब दूसरे जिलों के नए कर्मियों की एंट्री होगी. इसी कड़ी में डीईओ कार्यालय में लंबे समय से कार्यरत केशव कुमार और अंकित कुमार का तबादला जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कार्यालय हजारीबाग में कर दिया गया है. वहीं, लिपिक कुमार परमानंदम को रामगढ़ और परवेज आलम को चतरा में नई पोस्टिंग मिली है. जबकि हजारीबाग डीएसई कार्यालय में कार्यरत संजीव कुमार को धनबाद स्थानांतरित किया गया है.
नई DEO कुमारी नीलम किया पदभार ग्रहण
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बीच शनिवार, 4 जुलाई 2026 को हजारीबाग जिले की नई जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) के रूप में कुमारी नीलम ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया. पदभार संभालते ही वे उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय (हजारीबाग) की ‘क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक’ (आरजेडीई) की प्रभारी भी बन गई हैं.
सभी 7 जिलों की शिक्षा व्यवस्था की होगी मॉनिटरिंग
कार्यभार संभालने के बाद कुमारी नीलम ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में स्कूली शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व बेहतर बनाया जाएगा. चूंकि उनके पास प्रमंडल का भी प्रभार है, इसलिए हजारीबाग समेत चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ जिलों की शिक्षा व्यवस्था की वे खुद समय-समय पर जमीनी मॉनिटरिंग करेंगी.
Also Read: ब्रिक्स मंच पर चमकेगा दुमका का जीआई टैग प्राप्त डोकरा शिल्प, कोच्चि में होगा प्रदर्शन
