आशंका : 11 हजार वाेल्ट लाइन तार के आपस में टकराने से हुई घटना : फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया कटकमसांडी. प्रखंड के धरहरा गांव में बुधवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गयी. जिससे एक घर और तीन मचान जल कर खाक हो गये. ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि ग्रामीणों को काबू पाना मुश्किल हो गया. बताया जा रहा है कि सड़क से लगभग सात फीट ऊंचाई पर 11 हजार वोल्ट लाइन का तार लटक रहा है, जो तेज हवा के कारण आपस में टकराता रहता है. इसे ही घटना का मुख्य कारण बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन इससे पहले ही काफी नुकसान हो चुका था. खुटरा पंचायत समिति सदस्य प्रदीप मिश्रा ने कहा कि बिजली विभाग को कई बार इस समस्या के बारे में सूचित किया गया था, लेकिन विभाग ने कभी ध्यान नहीं दिया. सूचना मिलते ही मुखिया अनवारुल हक भी घटना स्थल पहुंचे और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
