चौपारण से अजय ठाकुर की रिपोर्ट
चौपारण: रामपुर और नवागढ़ स्थित बिरहोर टोला में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन मुखिया सुनीता देवी ने किया. इस दौरान बिरहोर परिवारों के सदस्यों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गयी और जरूरत के अनुसार दवाइयां उपलब्ध करायी गयीं.
शिविर में सीएचओ निकिता खेस समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. स्वास्थ्यकर्मियों ने बिरहोर टोला में रहने वाले परिवारों के सदस्यों की बारी-बारी से स्वास्थ्य जांच की. जांच के बाद आवश्यकतानुसार मरीजों को दवाएं दी गयीं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी भी दी गयी.
खान-पान और गर्म पानी पीने की दी सलाह
स्वास्थ्यकर्मियों ने मौसम में बदलाव को देखते हुए बिरहोर परिवारों को खान-पान को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी. लोगों से गर्म पानी पीने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने को कहा गया. साथ ही किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने की अपील की गयी.
शिविर के आयोजन से बिरहोर टोला के लोगों को उनके क्षेत्र में ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और दवा की सुविधा मिली, जिससे स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत हुई.
