हजारीबाग: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, कुम्हारटोली में विद्या भारती की ओर से आयोजित छह दिवसीय प्रांतीय पंचपदी प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला-2026 का शुभारंभ हुआ. यह प्रशिक्षण 26 जुलाई तक चलेगा. कार्यशाला में झारखंड प्रांत के विभिन्न सरस्वती शिशु विद्या मंदिरों से चयनित करीब 40 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं.
कार्यशाला का मार्गदर्शन दक्षिण बिहार के पूर्णकालिक एवं क्षेत्रीय प्रशिक्षक प्रमुख धरणीकांत जी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में पंचपदी शिक्षण पद्धति के विभिन्न आयामों, विषयवार पाठ योजना और प्रभावी शिक्षण तकनीकों पर विस्तार से चर्चा होगी. यहां प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में अन्य शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देंगे, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बल मिलेगा.
इस अवसर पर उत्तर-पूर्व क्षेत्र (बिहार क्षेत्र) के संगठन मंत्री ख्यालीराम एवं विद्या विकास समिति, झारखंड के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा ने विद्यालय के नवनिर्मित विज्ञान भवन का लोकार्पण किया.
ख्यालीराम ने कहा कि विज्ञान भवन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और प्रयोगधर्मिता को बढ़ावा देगा. वहीं नकुल कुमार शर्मा ने शिक्षकों से बच्चों की वैज्ञानिक प्रतिभा विकसित करने का आह्वान किया.
मौके पर विभाग निरीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह, विद्यालय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. अमिता कुमारी, सचिव डॉ. जयप्रकाश आनंद, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार सिंह, सदस्य डॉ. चेतलाल प्रसाद, प्राचार्य शर्मेंद्र कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
