हजारीबाग. जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को जांच अभियान चलाया. खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने हजारीबाग शहर के खिरगांव क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की जांच की.
इस दौरान पी शिवा, खिरगांव से सुधा पनीर और बजरंग डेयरी से पनीर का नमूना लिया गया. दोनों नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला, नामकुम, रांची भेजा जायेगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जायेगी.
जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्वेता त्रिपाठी, विकास शर्मा, सूरज कुमार और धनेश्वर कुशवाहा समेत खाद्य सुरक्षा टीम के अन्य सदस्य शामिल थे. खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने आम नागरिकों से खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और पैकेजिंग की जांच करने की अपील की. संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा.
