बरकट्ठा, हजारीबाग : गोरहर थाना क्षेत्र में एक महिला ने यौन शोषण और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़िता ने गोरहर थाना में आवेदन देकर आरोपी गोरहर निवासी प्रेमचंद महतो (पिता स्व. झारी महतो) के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने प्रलोभन देकर उसका यौन शोषण किया. आवेदन के अनुसार, दो फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी जबरन उसके घर में घुस गया और यौन शोषण का प्रयास किया. शोर मचाने पर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी वहां से फरार हो गया.
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी प्रेमचंद महतो ने उसे और उसके पति को ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने की धमकी दी और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया.
पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और अपने पति की सुरक्षा की गुहार लगायी है.
