Hazaribagh: शुक्रवार को नई दिल्ली में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और बड़कागांव की पूर्व विधायक अंबा प्रसाद लोकसभा प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी जी से मिले. दोनों ने राहुल गांधी को बड़कागांव की पावन मिट्टी से उपजे शत-प्रतिशत शुद्ध गुड़ और अलसी (तीसी) भेंट की. यह उपहार मेहनतकश किसानों के पसीने और उनके जल-जंगल-जमीन की रक्षा के संकल्प का प्रतीक था. एक ऐसा संघर्ष जिसे पूर्व मंत्री श्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद का परिवार वर्षों से मजबूती से लड़ता आया है.
विस्थापितों को मुआवजे की मांग
मुलाकात के दौरान विस्थापितों को न्याय दिलाने के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई. विशेष रूप से NTPC, Adani Group, Central Coalfields Limited (CCL) और Bharat Coking Coal Limited (BCCL) सहित झारखंड में कार्यरत बड़ी खनन कंपनियों द्वारा स्थानीय लोगों के साथ किए जा रहे अन्याय, दमन और अधिकारों की अनदेखी के मुद्दे को दोनों ने प्रमुखता से उठाया. दोनों नेताओं ने स्पष्ट रूप से बात रखी कि जनता के लिए Right to Fair Compensation and Transparency in Land Acquisition, Rehabilitation and Resettlement Act (RFCTLARR Act 2013) का पूर्ण रूप से पालन हो.
राहुल गांधी करेंगे बड़कागांव का दौरा
दोनों ने आरोप लगाया कि नियम कानून को नजरअंदाज किया जा रहा है. इस पर राहुल गांधी ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह ऐतिहासिक कानून कांग्रेस सरकार की देन है और पार्टी इस संघर्ष में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है. पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने ‘जन सुनवाई’ या ‘जन सभा’ के आयोजन का भी आग्रह किया, ताकि विस्थापित परिवारों की आवाज सीधे सुनी जा सके. राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि वे व्यक्तिगत रूप से इस विषय को देखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर झारखंड का दौरा कर विस्थापितों के बीच भी पहुंचेंगे.
ये भी पढ़ें…
यमराज बनकर आए गजराज: हजारीबाग में कई को उतारा मौत के घाट, एक ही आंगन से उठीं 4 अर्थियां
