विष्णुगढ़. ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व को लेकर विष्णुगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. अध्यक्षता थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने की. संचालन गुरु प्रसाद साव ने किया. बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं मुहल्लों से आये जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा दोनों समुदायों के लोग शामिल हुए.
शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील
थाना प्रभारी सुभाष सिंह ने पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारा माहौल में मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाये रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.
सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी
पुलिस प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अशांति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की.
दोनों समुदायों ने दिया शांति का भरोसा
बैठक में सभी समुदाय के लोगों ने पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने का भरोसा दिलाया. मौके पर थाना प्रभारी सुभाष सिंह, गुरु प्रसाद साव, मध्य जिला परिषद सदस्य शेख तैयब, खलील अंसारी, समाजसेवी रफीक आलम, अब्बास अंसारी, शंभूलाल यादव, साबिर शेख, एसआई शिवम गुप्ता, नन्हकू महतो,सदर इशाक अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे.
