प्रतिनिधि, हजारीबाग जिले के लगभग सभी 1800 सरकारी स्कूलों (कक्षा एक से 12वीं) में बेहतर शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सके, इसके लिये शुक्रवार को शिक्षा विभाग की ओर से नगर भवन में मुखिया सम्मेलन का आयोजन किया गया. डीसी नैंसी सहाय ने सम्मेलन का उदघाटन किया. सम्मेलन में जिले भर के अधिकतर मुखिया पहुंचे थे. डीसी ने कहा कि पंचायतों में स्थित स्कूलों में शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाने में मुखिया की भूमिका महत्वपूर्ण है. विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ मुखिया नियमित रूप से बैठक कर शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार कर सकते हैं. इससे पिछड़े एवं ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षण कार्य को बेहतर बनाने में बल मिलेगा. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से मुखिया को कई दायित्व भी सौंपा गया है. डीसी ने कहा मुखिया को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य को लेकर नियमित रूप से अनुश्रवण करना है. इससे पहले डीइओ सह क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक प्रवीन रंजन एवं डीएसई आकाश कुमार ने मुखिया सम्मेलन पर विषय प्रवेश की जानकारी दी. सम्मेलन में बीइइओ, विभिन्न शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के पदाधिकारी एवं शिक्षा कर्मी सभी मौजूद थे सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने को लेकर सभी 16 प्रखंडों से एक-एक मुखिया का चयन किया गया. वहीं, डीसी नैंसी सहाय ने चयनित सभी 16 मुखिया को सम्मानित किया. सम्मानित होने वाले में बरही प्रखंड मलकोको पंचायत के मुखिया विजय यादव, बड़कागांव प्रखंड चेपाकलां के मुखिया अनिकेत कुमार नायक, बरकट्ठा प्रखंड गयपहाड़ी पंचायत की मुखिया कलावती देवी, विष्णुगढ़ प्रखंड सारुकुदुर पंचायत के मुखिया उत्तम कुमार महतो, चलकुशा पंचायत के मुखिया अलख देव सिंह, चौपारण प्रखंड बच्छई पंचायत के मुखिया वीरेंद्र रजक, डाडी प्रखंड डाडी पंचायत के मुखिया लखन लाल महतो, चुरचू प्रखंड बहेरा पंचायत के मुखिया देवाकी महतो, दारू प्रखंड इरगा पंचायत की मुखिया अनिता देवी, सदर प्रखंड सदर पंचायत के मुखिया कृष्ण प्रसाद मेहता, इचाक प्रखंड मंगुरा पंचायत की मुखिया मीरा देवी, कटकमदाग प्रखंड मसरातु पंचायत की मुखिया ज्योति देवी, कटकमसांडी के मुखिया श्रीति पांडे, केरेडारी पंचायत की मुखिया सोनिया देवी, पदमा के मुखिया अनिल कुमार मेहता एवं टाटीझरिया पंचायत के मुखिया सुरेश यादव शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
