हजारीबाग. दिव्यांग जनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक और कदम बढ़ाया है. उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर शनिवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त रिया सिंह ने डीएमएफटी मद से उपलब्ध करायी गयी बैटरी चालित ट्राइ साइकिल का वितरण 24 दिव्यांग लाभुकों के बीच किया. इस दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिंह भी मौजूद थीं. ट्राइ साइकिल पाकर लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आयी. बरकट्ठा बेड़ोकला के संजय यादव ने कहा कि बैटरी चलित ट्राइ साईकिल मिलने से उसे बिजनेस करने में सहूलियत होगी. पहले गुमटी में बैठकर दुकान चलाता था. अब इस ट्राइ साइकिल के माध्यम से चलता-फिरता दुकान गांव में चलाऊंगा. उपायुक्त ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा हैं. बैटरी चालित ट्राइ साइकिल से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियां आसान होंगी तथा शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सहभागिता को नयी दिशा मिलेगी. उपविकास आयुक्त ने कहा कि यह ट्राइ साइकिल केवल एक वाहन नहीं, बल्कि आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम है. इससे दिव्यांग विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई जारी रख सकेंगे.
24 लाभुकों के बीच बैटरी चलित ट्राइसाइकिल का वितरण
दिव्यांगजन समाज का अभिन्न हिस्सा : उपायुक्त
