एजेंडा पर घमासान, मेयर-डिप्टी मेयर आमने-सामने; नगर विकास विभाग से ली जायेगी राय

हजारीबाग नगर निगम की स्टैंडिंग समिति की बैठक में उप महापौर के एजेंडा को शामिल नहीं करने पर जमकर हंगामा हुआ। जानें बैठक के मुख्य फैसले।

हजारीबाग : नगर निगम स्टैंडिंग समिति की बैठक में एजेंडा को लेकर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ. उपमहापौर अविनाश कुमार यादव की ओर से दिये गये दो प्रस्तावों को कार्यसूची में शामिल नहीं किये जाने पर करीब एक घंटे तक महापौर, उपमहापौर और पार्षदों के बीच बहस होती रही. बाद में कई प्रस्तावों पर सहमति बन गयी.

उपमहापौर ने निगम में शामिल होने वाले नये वार्डों के मकान मालिकों पर लगने वाले होल्डिंग टैक्स की जुर्माना राशि माफ करने और वार्ड 21 में स्वीकृत नाली के स्थान पर पेवर ब्लॉक लगाने से संबंधित प्रस्ताव को कार्यसूची में शामिल करने के लिए दिया था. दोनों प्रस्ताव एजेंडे में शामिल नहीं किये गये. इस पर उपमहापौर ने आपत्ति जताते हुए पूछा कि उनके प्रस्तावों को कार्यसूची में क्यों नहीं रखा गया.

एजेंडा तैयार करने के अधिकार पर विवाद

मामले को लेकर कई वार्ड पार्षदों, उपमहापौर और महापौर के बीच काफी देर तक बहस हुई. महापौर अरविंद कुमार ने कहा कि वर्ष 2022 में सरकार के संकल्प के अनुसार मेयर की सहमति से कार्यसूची तैयार करने का अधिकार दिया गया है. निगम के विकास कार्यों से संबंधित किस एजेंडे को शामिल करना है, यह उनके अधिकार क्षेत्र में आता है.

विवाद बढ़ने पर नगर आयुक्त ने कहा कि इस मामले में नगर विकास विभाग से मंतव्य लिया जायेगा. सरकार के नियमों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जायेगी.

15 प्रस्तावों में कई को मिली मंजूरी

स्टैंडिंग समिति की बैठक में कुल 15 एजेंडे रखे गये थे. इनमें कई प्रस्तावों को आपसी सहमति से पारित किया गया, जबकि कुछ को बोर्ड की बैठक के लिए स्थगित कर दिया गया. करमा पर्व के अवसर पर निगम की महिला कर्मचारियों के बीच साड़ी वितरण, प्रत्येक वार्ड में तीन अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने तथा दुर्गापूजा समेत अन्य पर्व-त्योहारों के दौरान मटवारी गांधी मैदान में पार्किंग व्यवस्था के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी.

इसके अलावा शहर के प्रमुख 10 स्थानों पर सामुदायिक शौचालय निर्माण, निर्मल महतो पार्क के सौंदर्यीकरण और प्रत्येक वार्ड में एलईडी लाइट लगाने की स्वीकृति दी गयी. जिला प्रशासन द्वारा संचालित टाउन हॉल को नगर निगम के अधीन संचालित करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और नगर निगम के होल्डिंग टैक्स की वसूली समेत अन्य एजेंडों पर भी विचार-विमर्श किया गया.

बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, कार्यपालक अभियंता रमेश कुमार सिंह, पार्षद विजय प्रसाद, बैजनाथ राम, विकास कुमार यादव, मिताली रश्मि, रूपाली कुमारी, दीपरंजन और मुस्तकीम मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >