केरेडारी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केरेडारी से समय पर मरीज को एंबुलेंस नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने आधे घंटे तक हंगामा किया. स्वास्थ्य केंद्र को बंद करने का प्रयास किया. ग्रामीणों ने एंबुलेंस देने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगाया. इसकी जानकारी मिलने पर केरेडारी पुलिस दल बल के साथ पहुंची. लोगों को समझा बुझा कर मामले को शांत कराया. इसके तुरंत बाद एंबुलेंस पहुंची, तब मरीज को भेजा गया. क्या है मामला : टंडवा की ओर से एक पिकअप वाहन (जेएच2बीएच-3814) आ रहा था. इसी क्रम में भारत पेट्रोल पंप के समीप सलगा गांव निवासी विजय साव की चाउमिन की दुकान को तोड़ दिया. इस घटना में विजय साव एवं केरेडारी निवासी अशोक माली घायल हो गये. घायल अशोक माली की स्थिति गंभीर है. दोनों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया. एंबुलेंस के अभाव में मरीज हजारीबाग नहीं जा पा रहा था. इस संबंध में चिकित्सा पदाधिकारी नफीस अंजुम ने बताया कि पैसे मांगने का आरोप गलत है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
