हजारीबाग. विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआइआर) को लेकर भाजपा की कार्यशाला मंगलवार को सदर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित की गयी. इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी व सदर विधायक प्रदीप प्रसाद भी शामिल हुए. अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने की. मंच संचालन जिला महामंत्री एवं एसआइआर संयोजक जयनारायण कुशवाहा ने किया. कार्यशाला में मंडल अध्यक्ष, बीएलए-वन, बीएलए-टू, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची आवश्यक है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और त्रुटियों को समय रहते दूर किया जाए. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बतायी. विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन द्वारा सौंपे गये दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेगा. उन्होंने मंडल अध्यक्षों, बीएलए-टू और कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की. बैठक में एसआइआर-2026 को सफल बनाने, मतदाता सूची को अधिक सुदृढ़ एवं त्रुटिरहित करने तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गयी. कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया.
शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी : बाबूलाल मरांडी
एसआइआर को लेकर भाजपा की कार्यशाला
