बरही: बरही अनुमंडल पुलिस ने चौपारण थाना क्षेत्र के सियारकोनी स्थित मां गंगोत्री लाइन होटल में छापेमारी कर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से एक देसी रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन समेत एक कार और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है.
यह कार्रवाई 30 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे की गयी. बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने शुक्रवार को बरही में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं. पुलिस यह जांच कर रही है कि वे किस आपराधिक योजना को अंजाम देने के उद्देश्य से झारखंड आये थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय कुमार (पिता जितेंद्र यादव, लोदीपुर, थाना बेलागंज, गया), प्रिंस कुमार (पिता बसंत प्रसाद, बेला सोनपुर, थाना बेलागंज, गया) और करण राज (पिता सुरेंद्र प्रसाद, थाना मखदुमपुर, गया) के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार और अक्षय यादव के खिलाफ गया रेलवे थाना और बेलागंज थाना में आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 एमएम के तीन जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की डिजायर कार (बीआर-01डीजी-6000) और एक बुलेट मोटरसाइकिल (जेएच-02बीजे-4723) जब्त की है.
एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई हजारीबाग एसपी अमन कुमार से मिली सूचना के आधार पर की गयी. अभियान में बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कृष कुमार गुप्ता, कुणाल किशोर, दिव्य प्रकाश, बादल कुमार महतो सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.
