हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पांच अगस्त से लगातार 10 दिनों तक स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जायेगा. अभियान के तहत समाहरणालय परिसर में प्रतिदिन रक्तदान शिविर लगाया जायेगा. इसका उद्देश्य ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध कराना है, ताकि दुर्घटना, आपातकालीन उपचार, सर्जरी, थैलेसीमिया, कैंसर समेत गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त मिल सके.
जिला प्रशासन ने पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. प्रशासन ने कहा कि रक्तदान एक मानवीय कार्य है. एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. प्रशासन ने लोगों से आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने और इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है.
