बरकट्ठा. थाना क्षेत्र के गैड़ा पंचायत के बसरामो गांव में अज्ञात चोरों ने एक किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब 78 हजार रुपये के सामान और नकदी की चोरी कर ली. मामले को लेकर दुकानदार कुर्बान अंसारी, पिता स्व. फागू मियां ने बरकट्ठा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
शिकायत में बताया गया है कि 13 सितंबर की रात दुकान बंद कर कुर्बान अंसारी घर चले गये थे. 14 सितंबर की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो दरवाजे पर लगा ताला गायब था और दुकान खुली हुई थी. अंदर जाकर देखा तो करीब 70 हजार रुपये का किराना सामान और गल्ले में रखे आठ हजार रुपये नकद गायब थे.
दुकान के बाहर झाड़ी में टूटा हुआ ताला भी मिला. दुकानदार के अनुसार, ताले को लोहे की रॉड से तोड़े जाने की आशंका है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
बताया गया कि कुर्बान अंसारी आर्थिक रूप से कमजोर हैं और किराना दुकान से ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं.
