बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों में गणपति बप्पा की पूजा संपन्न होने के बाद बुधवार को श्रद्धालुओं ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी. इस दौरान श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली. अबीर-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आये.
लगनवा, बड़ासिंगा, बरकट्ठा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर, बड़ासिंगा मोड़, लोकिया और कोनहारा कला समेत विभिन्न स्थानों पर गणपति बप्पा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की गयी थी. बड़ासिंगा मोड़ स्थित सार्वजनिक चिंतामणि गणेश पूजन महोत्सव समिति की ओर से पूजा-अर्चना के बाद गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया.
विसर्जन से पूर्व आयोजित भंडारे में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. मौके पर अमित साव, सुरेश नायक, शंकर साव, अंशु साव, दिलीप साव, उत्तम साव, अजीत कुमार, मुन्ना नायक और हेमलाल पासवान समेत अन्य लोग मौजूद थे.
