सख्ती: शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाया अभियान चौपारण. शराब के अवैध कारोबार को लेकर प्रशासन से एक बार फिर चौपारण में कार्रवाई की. चौपारण के भगहर में गुरुवार को प्रशासन ने जेसीबी से दर्जन भर शराब की भठ्ठियों को ध्वस्त किया और हजारों लीटर तैयार महुआ शराब को बहा दिया. शराब बनाने वाले उपकरण और प्लास्टिक ड्रम में गलाया हुआ महुआ जावा को नष्ट कर दिया. अभियान का नेतृव कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार एवं थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि जिला प्रशासन के आदेशानुसार यह कार्रवाई की जा रही है. छापामारी दल को देखते ही शराब बनाने के कार्य में लगे लोग और तस्कर जंगल की ओर फरार हो गये. छापामारी दल ने भगहर, परसातरी एवं भंडार के सुदूरवर्ती जंगल में संचालित शराब की भट्ठियों को ध्वस्त किया है. शराब तस्कर एवं अवैध रूप से शराब भट्ठी चलाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है. छापामारी दल में अनुपम प्रकाश के अलावा अनि रोशन कुमार, बादल महतों, सुबेंद्र कुमार, रतन टूडू, वनपाल पंकज कुमार, अजीत कुमार गंझू, उमेश कुमार, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस के जवान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
