सिसई. पोटरो गांव में चोरी का प्रयास करते हुए ग्रामीणों ने एक युवक को रंगेहाथों पकड़ लिया. घटना शनिवार की अहले सुबह की है. जानकारी के अनुसार, गांव निवासी बालेश्वर साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे. अचानक बक्सा तोड़ने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली. कमरे में जाकर देखा तो ताला टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था. इसी दौरान एक युवक कमरे से भागने लगा. साहू परिवार ने शोर मचाया तो ग्रामीण भी जाग गये और युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनीश अंसारी (19) बताया, जो सुरसुरी अंबोवा गांव का निवासी है और वर्तमान में सिसई में किराये के मकान में रहता है. ग्रामीणों ने पहले उसे पीटा और बाद में पुलिस को सौंप दिया. फिलहाल पुलिस की निगरानी में उसका इलाज सदर अस्पताल गुमला में चल रहा है. बालेश्वर साहू ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने बताया कि चोरी का प्रयास उनके घर में हुआ और आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा. समाचार लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हो पाया था.
ग्रामीणों ने चोर को पकड़ा, पहले पीटा फिर पुलिस को सौंपा, इलाजरत
पोटरो गांव में चोरी का प्रयास करते हुए ग्रामीणों ने एक युवक को रंगेहाथों पकड़ लिया.
