डुमरी. प्रमुख जीवंती एक्का, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मिंज व महासचिव फिरासत अली ने गुरुवार को डुमरी प्रखंड के मझगांव पंचायत का दौरा किया. दौरे के क्रम में तीनों प्रतिनिधि दमगढ़ा गांव पहुंचे, जहां गांव में बनी जलमीनार खराब पड़ी मिली. ग्रामीणों ने बताया कि जलमीनार लगभग दो वर्षों से खराब है. कुछ समय पहले जिला से कर्मी जलमीनार की मरम्मत करने के लिए आये थे. लेकिन वे जलमीनार में लगी मशीन खोल कर ले गये. इसके बाद से अब तक जलमीनार बेकार पड़ी है. इससे गांव में पेयजल की समस्या बनी हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगभग 32 घर हैं और पूरे गांव के लिए केवल एक चापानल का पानी ही का सहारा है. गांव के सभी लोग चापानल से पानी भरते हैं. गांव की महिलाओं ने बताया कि खराब जलमीनार को ठीक कराने के लिए कई बार पंचायत की मुखिया ज्योति बाहेर देवी को मौखिक रूप से जानकारी दी गयी. लेकिन अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं की गयी. इस पर प्रमुख जीवंती एक्का ने कहा कि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है. जलमीनार खराब होने से गांव के लोगों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि जलमीनार को जल्द से जल्द ठीक कराया जाना चाहिए. कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप मिंज ने कहा कि ग्रामीणों की इस समस्या को संबंधित विभाग तक पहुंचाया जायेगा और जलमीनार को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने का प्रयास किया जायेगा.
जलमीनार खराब, एक चापानल के भरोसे 32 परिवार
जलमीनार खराब, एक चापानल के भरोसे 32 परिवार
