बिशुनपुर. बिशुनपुर प्रखंड की महिला पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ने के बाद एसीबी की टीम ने उनके निजी क्वार्टर में करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की. पूछताछ बंद कमरे में हुई. इस दौरान किसी को पूछताछ स्थल पर भटकने नहीं दिया जा रहा था. गुरुवार को जैसे पंचायत सचिव ने शिकायतकर्ता से आठ हजार रुपये रिश्वत लिया. एसीबी की टीम ने मौके पर ही उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें उनके निजी क्वार्टर ले गयी, जहां करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की गयी. एसीबी के डीएसपी अलबिनुस इंदवार ने बताया कि लाभुक की शिकायत पर टीम बिशुनपुर पहुंची थी. प्रारंभिक पूछताछ के बाद महिला पंचायत सचिव को आगे की कार्रवाई के लिए एसीबी कार्यालय रांची ले जाया जा रहा है. इस मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना में कांड संख्या 09/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसीबी की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है. इधर, पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो ने कहा कि मेरे द्वारा किसी प्रकार का लाभुक से कोई पैसा नहीं लिया गया है. परमेश्वर सिंह द्वारा अपने कुआं की मरम्मत के लिए कनीय अभियंता से 1.67 लाख का स्टीमेट बनाया गया था. परंतु उनकी इंट्री कार्य के हिसाब से 1.20 लाख की थी और वह 1.67 लाख का बिल भुगतान की बात कर रहे थे, जो संभव नहीं था. संभवत: इसलिए उनके द्वारा शिकायत एसीबी से की गयी होगी. मैं निर्दोष हूं, साजिश के तहत मुझे फंसाया गया है.
पंचायत सचिव से ढाई घंटे तक बंद कमरे में की गयी पूछताछ
पंचायत सचिव ने कहा, मुझे साजिश के तहत फंसाया गया है
