गुमला: शहर के डीएसपी रोड स्थित गुरुकुल शिक्षण संस्थान का 15वां वार्षिकोत्सव शनिवार को नगर भवन में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीडीसी अनिमेष रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने मां सरस्वती, स्वामी विवेकानंद और डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की.
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि सफलता का मार्ग आसान नहीं होता. जीवन में आने वाली चुनौतियों और असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए.
संस्थान के निदेशक रविंद्र सिन्हा ने कहा कि आत्मविश्वास सफलता की सबसे बड़ी ताकत है. दृढ़ संकल्प और खुद पर विश्वास के साथ विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं. विशिष्ट अतिथि मिशिर कुजूर ने कहा कि शॉर्टकट से स्थायी सफलता नहीं मिलती. मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की आधारशिला है.
वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा. मौके पर शिक्षक अंकित भगत, सुलभ लकड़ा, अनुपा कुमारी, अमरेंद्र कुमार, महेश टोप्पो, राहुल गुप्ता, तपन दास, विकास कुमार, अमर कुमार, अमित कुमार, शिवम चीक बडाइक, विनय कुमार, प्रियदर्शी, आशीष उरांव, निकिता कुजूर, बालमुनि कुमारी, अनिशा सरकार और जसिंता कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं व अभिभावक मौजूद थे.
