गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला के चैनपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति अग्रवाल ने शनिवार की रात को नशा के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से अंग्रेजी शराब बेचने वाले दुकानों में छापामारी की. पुलिस टीम ने चैनपुर के प्रेम नगर इलाके में छापेमारी कर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद किया.
किराना दुकान से 200 पेटी शराब और बीयर जब्त
पुलिस ने चैनपुर प्रेम नगर निवासी दीपक जायसवाल के घर से लगभग 200 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त किया है. बता दें कि प्रेम नगर निवासी दीपक जायसवाल अपने किराना दुकान में बड़े पैमाने पर अवैध शराब की बिक्री करता रहा है. रोजाना सुबह से शाम तक दीपक जायसवाल के दुकानों के इर्द-गिर्द नशाखोरों की भीड़ लगी रहती है.
पहले भी जा चुका है जेल
पूर्व में भी चैनपुर प्रेम नगर निवासी दीपक जायसवाल अवैध शराब बिक्री मामले पर कई बार जेल जा चुका है. बताया जाता है कि प्रेम नगर निवासी दीपक जायसवाल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ-साथ नकली शराब की भी बिक्री बड़े पैमाने पर करता है. अवैध नकली शराब के सेवन करने से चैनपुर सहित आसपास के युवा इसके शिकार हो रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की
इधर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना किया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम अवैध रूप से शराब बिक्री से स्कूली छात्र-छात्रा भी इसके शिकार हो रहे हैं. जिससे स्थानीय अभिभावक काफी चिंतित रहते हैं. खुलेआम अवैध शराब की बिक्री से चैनपुर के लोग काफी परेशान हैं.
आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के दुकान पहुंचते ही शराब विक्रेता दीपक जायसवाल भाग निकला. पुलिस शराब को जब्त कर थाने ले गई है. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही शराब विक्रेता की गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी की जा रही है. इधर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई से अवैध शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रुति अग्रवाल ने कहा कि नशाखोरी के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें: भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रखने का निर्देश, JBVNL निदेशक ने किया सबस्टेशनों का निरीक्षण
यह भी पढ़ें: झारखंड में बालू को लेकर बड़ा खेल, स्टॉक यार्ड में बालू ही नहीं तो नीलामी का टेंडर कैसे निकाला
