भरनो(गुमला). सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, भरनो में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में गुरु दक्षिणा कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा एवं समर्पण के साथ आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यगण, छात्र-छात्राओं और संघ के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. समारोह में भगवा ध्वज को गुरु का प्रतीक मानते हुए उसके समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना की गयी.
छात्रों ने अर्पित की गुरु दक्षिणा
विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भगवा ध्वज पर श्रद्धापुष्प अर्पित किये तथा स्वेच्छापूर्वक गुरु दक्षिणा समर्पित की. इस अवसर पर मुख्य वक्ता जिला प्रचारक अमर अजीत ने भगवा ध्वज एवं भारतीय संस्कृति में गुरु परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु दक्षिणा का यह पर्व त्याग, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रभावना की प्रेरणा देता है.
संस्कारों को जीवन में उतारने का संकल्प
उपस्थित सभी लोगों ने भारतीय संस्कृति और संस्कारों को जीवन में धारण करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन संघ प्रार्थना के साथ हुआ. इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष हरिशंकर शाही, आचार्य वीरेंद्र कुमार, संतोष कुमार तिवारी, सुद्धेश्वर साहू और धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.
सुबह 7:45 बजे होगा ध्वजारोहण
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर प्लस टू उच्च विद्यालय, गुमला में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण समारोह का आयोजन प्रातः 7:45 बजे किया गया है. कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव विजय बहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराएंगे. इस पावन राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने के लिये विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है.
