श्मशान घाट में सिर्फ दीवारें, सुविधाएं नदारद

गांधी नगर में लाखों रुपये की लागत से बना श्मशान घाट सुविधा विहीन

गुमला. नगर परिषद क्षेत्र के करमटोली और शास्त्री नगर के बीच गांधी नगर में बना श्मशान घाट बदहाली का शिकार है. लाखों रुपये की लागत से इसकी बाउंड्री वॉल बना दी गयी है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अब तक अभाव है. श्मशान घाट में न बिजली है, न पानी की सुविधा और न ही लोगों के बैठने या शव रखने के लिए शेड की व्यवस्था है. श्मशान घाट तक पहुंचने के लिए सड़क भी नहीं बनी है. बरसात के समय कीचड़ से भरी यह राह और भी जोखिम भरी हो जाती है. प्रवेश द्वार के आसपास हमेशा कीचड़ फैला रहता है, जिससे अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

शेड वर्षों से अधूरा, बारिश-धूप में होती है परेशानी

स्थानीय निवासी मनी महली ने बताया कि श्मशान घाट में वर्षों पहले शेड निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन आज तक वह अधूरा पड़ा है. लोगों को धूप और बारिश में खुले में बैठना पड़ता है. सनी उरांव ने बताया कि बारिश में श्मशान घाट तक पहुंचना काफी मुश्किल हो जाता है. चारों ओर पानी और कीचड़ भरा रहता है. वहीं, कृष्णा महली ने बताया कि शव लेकर आये लोगों के बैठने के लिए कोई स्थान नहीं है, जिससे उन्हें धूप में खड़ा रहना पड़ता है.

प्रशासन से सुविधाएं बहाल करने की मांग

दुर्गा नाग ने प्रशासन से मांग की कि श्मशान घाट की स्थिति पर ध्यान दिया जाये और वहां बिजली, पानी, शेड व बैठने की व्यवस्था की जाये, ताकि लोगों को राहत मिल सके. कृष्णा चीक बड़ाइक ने कहा कि कम से कम एक नल और बिजली की व्यवस्था होनी चाहिए. लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद श्मशान घाट में सुविधा का अभाव होना चिंताजनक है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >