गुमला. तेलंगा खड़िया स्टेडियम में मॉर्निंग क्रिकेट क्लब गुमला की बैठक हुई. बैठक में अंतरराज्यीय लीजेंड कप सीजन-थ्री नाइट क्रिकेट मैच को लेकर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में बताया गया प्रतियोगिता एक अप्रैल से छह अप्रैल तक चलेगी. इससे पूर्व 31 मार्च को फैंसी मैच गुमला शहर के प्रबुद्ध लोगों की टीमों के बीच होगा. पांच दिनों तक चलने वाले इस क्रिकेट मैच में गुमला जिले के अलावा लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, ओड़िशा, बंगाल, बिहार व छत्तीसगढ़ राज्य की 32 टीमें भाग लेंगी. हालांकि अबतक 24 टीमों ने पंजीयन हो गया है. प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष रोहित उरांव विक्की व सचिव संजय कुमार गुप्ता को बनाया गया है. अध्यक्ष ने कहा कि सभी मैच दूधिया रोशनी में कैनवास बॉल से होगी. ग्राउंड में स्क्रीन लगाये जायेंगे, जिससे दर्शक स्क्रीन पर मैच देख सकेंगे. इसके अलावा कई सोशल मीडिया चैनल में मैच लाइव दिखाया जायेगा, ताकि लोग घर बैठे मैच का आनंद ले सकेंगे. संजय कुमार गुप्ता ने कहा है कि यह मैच मॉर्निंग क्रिकेट क्लब गुमला द्वारा आयोजित है. ग्राउंड को आकर्षक ढंग से सजाया जायेगा. ग्राउंड में रात्रि कैंटीन भी लगेगा, जहां दर्शकों व खिलाड़ियों के लिए खाने की व्यवस्था रहेगी. मुकेश पांडया, अंकित उरांव व अखिलेश कुमार ने कहा है कि गुमला में क्रिकेट खेल को बढ़ावा देने, सड़क सुरक्षा व नशामुक्त गुमला अभियान के तहत यह मैच हो रहा है. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दूसरे जिले के खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है, जिससे मैच का आयोजन किया जा सके. उन्होंने बताया कि हर दिन मैच शाम छह बजे से शुरू हो जायेगा, जो रात्रि 11 बजे तक चलेगा.
अंतरराज्यीय लीजेंड कप नाइट क्रिकेट मैच एक अप्रैल से
प्रतियोगिता में गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, ओड़िशा, बंगाल, बिहार व छत्तीसगढ़ राज्य की टीमें भाग लेंगी
