भरनो. सिसई विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने विधानसभा सत्र के दौरान जिला अंतर्गत भरनो व सिसई प्रखंड के ओलावृष्टि पीड़ितों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने सरकार से मांग की कि पिछले वर्ष हुई भारी ओलावृष्टि से प्रभावित लोगों को शीघ्र मुआवजा दिया जाये और इस समस्या के समाधान के लिए ठोस पहल की जाये. विधायक ने कहा कि पिछले वर्ष सिसई विधानसभा क्षेत्र के भरनो व सिसई प्रखंड में हुई भारी ओलावृष्टि से आम जनजीवन प्रभावित हुआ था. इस प्राकृतिक आपदा में ग्रामीणों के घरों को क्षति पहुंची थी. किसानों की खेतों में लगी विभिन्न फसलें नष्ट हो गयी थी और कई मवेशियों की मौत हो गयी थी, जिससे किसानों व ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था. उन्होंने बताया कि आपदा से प्रभावित लोगों ने मुआवजा प्राप्त करने के लिए अंचल कार्यालय में आवेदन देकर आपदा प्रबंधन मद से सहायता राशि की मांग की थी. स्थानीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गयी. इसके बावजूद अब तक पीड़ित परिवारों को विभाग की ओर से कोई मुआवजा नहीं दिया गया. विधायक ने कहा कि लंबे समय से मुआवजा का इंतजार कर रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलनी चाहिए. विधानसभा में यह मुद्दा उठाये जाने के बाद भरनो व सिसई प्रखंड समेत पूरे सिसई विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।