9 साल बाद मिला न्याय: गुमला सामूहिक दुष्कर्म कांड में अदालत का बड़ा फैसला, आरोपी को 20 साल की जेल

Gumla POCSO Court: झारखंड के गुमला जिले में वर्ष 2017 में दो नाबालिग लड़कियों के साथ हुए जघन्य सामूहिक दुष्कर्म मामले में नौ साल बाद न्याय की जीत हुई है. विशेष पोक्सो न्यायालय के न्यायाधीश प्रेम शंकर की अदालत ने घटना के समय नाबालिग रहे एक आरोपी को दोषी ठहराते हुए 20 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. आरोपी जमानत मिलने के बाद लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे अब कानून के शिकंजे में कस दिया गया है. मामले में पहले ही छह अन्य बालिग आरोपियों को सजा मिल चुकी है. देखिए, कैसे इस फैसले ने पीड़ितों के घावों पर मरहम लगाने का काम किया है.

Gumla POCSO Court, गुमला, (दुर्जय पासवान की रिपोर्ट): न्याय मिलने में देरी भले ही हुई, लेकिन अंततः कानून ने अपना काम कर दिखाया. गुमला के विशेष पोक्सो न्यायालय (एडीजे-1) के न्यायाधीश प्रेम शंकर की अदालत ने बुधवार को वर्ष 2017 के एक चर्चित सामूहिक दुष्कर्म मामले में अहम फैसला सुनाया. अदालत ने घटना के समय नाबालिग रहे एक आरोपी को दोषी करार देते हुए 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही उस पर 10 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है. जुर्माना अदा न करने की स्थिति में उसे छह महीने की अतिरिक्त जेल काटनी होगी.

9 साल का लंबा ट्रायल और आरोपियों की घेराबंदी

इस जघन्य मामले की सुनवाई पिछले नौ वर्षों से चल रही थी. घटना में कुल सात युवक शामिल थे, जिनमें से छह बालिग आरोपियों को अदालत ने पहले ही सजा सुना दी थी. सजा पाने वाला सातवां आरोपी घटना के समय नाबालिग था, जिसे बाल सुधार गृह भेजा गया था. वहां से जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया और कभी न्यायालय की प्रक्रिया में शामिल नहीं हुआ. हालांकि, उसकी उम्र 18 वर्ष से अधिक होने के बाद अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर सुनवाई पूरी की और उसे दोषी पाया.

Also Read: संवेदनशीलता की मिसाल: प्रोटोकॉल तोड़ सीढ़ियों पर बैठ गए पलामू DC, दिव्यांग महिला की सुनी फरियाद

मेले की खुशी को दरिंदगी में बदला था

यह मामला साल 2017 का है, जब दो सहेलियां गांव में मेला देखकर लौट रही थीं. रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया. आरोपियों ने बच्चियों को डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी भी दी थी. जब पीड़ित बच्चियों ने घर पहुंचकर परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, तब मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई. लोक अभियोजक अजय रजक ने सरकार की ओर से मजबूती के साथ पक्ष रखा और अदालत को बताया कि आरोपी ने न केवल दुष्कर्म किया, बल्कि चोरी (धारा 379) की वारदात को भी अंजाम दिया था.

Also Read: पश्चिमी सिंहभूम में मिसिर बेसरा के दस्ता पर सुरक्षाबलों का शिकंजा, मुठभेड़ में 1 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >