विक्षिप्त महिला की हत्या मामले में चार और आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बीते दो दिनों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

गुमला. बिशुनपुर थाना के लापू गांव में बच्चा चोर की अफवाह में एक विक्षिप्त महिला की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इस क्रम में बिशुनपुर पुलिस ने बुधवार को चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में प्रस्तुत करते हुए गुमला जेल भेज दिया. गुमला एसपी हरिश बिन जमां ने प्रेस काॅन्फ्रेंस कर कहा है कि रविवार की रात गांव में बच्चा चोर होने की अफवाह फैल गयी थी. इस दौरान गांव में घूम रही एक अज्ञात विक्षिप्त महिला को कुछ लोगों ने पकड़ लिया. इसके बाद उसे रस्सी से बांध कर बेरहमी से पीटा गया. घटना की सूचना मिलने के बाद बिशुनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और विक्षिप्त महिला को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर लायी, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. इस मामले में पुलिस ने मॉब लिंचिंग का केस दर्ज किया. इसके बाद बिशुनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं बुधवार को इस मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में विश्वा उरांव (पिता- शिवराज भगत), लेटे उरांव (पिता- शिवराज भगत), सुदीप उरांव (पिता- जायसवाल उरांव) तथा चंदेश्वर उरांव (पिता- जितना उरांव) शामिल हैं. इसमें लेटे उरांव व विश्वा उरांव दोनों सगे भाई हैं. पुलिस ने सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. इस मामले में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान कर आगे भी कार्रवाई की जायेगी. छापेमारी दल में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, बिशुनपुर थानेदार अर्जुन कुमार यादव, पुअनि मुकेश प्रसाद टुडू, पुअनि प्रमोद कुमार व बिशुनपुर थाना की पुलिस बल के जवान थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >