गुमला के सील एफसीआइ गोदाम से 10 लाख के धान बीज चोरी

गुमला में सील किए गए एफसीआइ गोदाम से 10 लाख रुपये के धान बीज चोरी होने का मामला सामने आया है। प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।

गुमला: गुमला में किसानों को मिलावटी और एक्सपायरी खाद-बीज से बचाने के लिए सील किये गये एफसीआइ गोदाम से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के धान बीज चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद कृषि विभाग और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

जानकारी के अनुसार दो जुलाई 2022 को कृषि विभाग और जिला प्रशासन ने बाजार समिति परिसर स्थित एफसीआइ गोदाम में छापेमारी कर संदिग्ध, मिलावटी और एक्सपायरी खाद-बीज जब्त किये थे. इसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया था. गोदाम की निगरानी की जिम्मेदारी कृषि विभाग को दी गयी थी.

गोदाम मालिक एवं गुमला कृषि क्रांति के संचालक रामगोपाल साबू ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 20 जुलाई 2026 को उन्हें गोदाम में चोरी की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पीछे की दीवार और शटर काटकर चोर अंदर घुसे और बड़ी मात्रा में धान बीज लेकर फरार हो गये.

चोरी गये बीजों में हॉल मार्का और पान सीड ब्रांड के बीज शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बतायी गयी है. उन्होंने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए सीसीटीवी जांच और कार्रवाई की मांग की है.

रामगोपाल साबू का आरोप है कि गुमला थाना में शिकायत दर्ज नहीं की गयी और पुलिस ने इसे कृषि विभाग का मामला बताया. उन्होंने एसपी को आवेदन देकर एफआइआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >