भरनो. प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कृषि भवन के सभागार में शनिवार को खेत बचाओ सह संतुलित उर्वरक उपयोग विषय पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, बिशुनपुर के वैज्ञानिक अटल कुमार ने किसानों को संभावित कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए उपयुक्त फसलों के चयन एवं खेती की रणनीतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने किसानों को जागरूक करते हुए अपने-अपने खेतों की मिट्टी की जांच कराने की सलाह दी, ताकि मृदा की गुणवत्ता के अनुरूप उर्वरकों का उपयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सके. साथ ही संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व पर भी प्रकाश डाला. गोष्ठी में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गयी तथा किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिये प्रेरित किया गया. मौके पर बीटीएम शशि शमा खलखो, एटीएम अनमोल, रोहित कुजूर, ग्राम प्रधान जयराम उरांव समेत प्रखंड के बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं पर विशेषज्ञों से चर्चा कर जानकारी प्राप्त की.
भरनो में किसान गोष्ठी का आयोजन
भरनो में किसान गोष्ठी का आयोजन
