गुमला. गुमला की जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो की अध्यक्षता एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी गुमला आरती कुमारी की विशेष उपस्थिति में डायट गुमला में शिक्षा विभाग की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इस बैठक में कल्याण विभाग के प्रतिनिधि एवं पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि की विशेष उपस्थिति रही.
झारखंड शिक्षा परियोजना गुमला के एडीपीओ ज्योति खलखो, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घनश्याम चौबे, सभी सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, फील्ड मैनेजर, बीआरपी सीआरपी, लेखापाल एवं एमआईएस समन्वयक उपस्थित रहे. बैठक में उपायुक्त गुमला के निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों में छात्र एवं शिक्षक उपस्थिति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसकी नियमित एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया.
डीइओ ने निर्देश दिया कि विद्यालय स्तर पर शिक्षकों की दो बार उपस्थिति और दैनिक रूप से ऑनलाइन छात्र उपस्थिति में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा संबंधित प्रविष्टियों को प्रतिदिन निर्धारित समय पर पूर्ण किया जाये.
छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा के क्रम में डीइओ कविता खलखो एवं डीएसडब्लूओ आरती कुमारी ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि कक्षा 8 से 12 तक की सभी श्रेणी की बालिकाओं के लिए सावित्रीबाइ फुले छात्रवृत्ति योजना तथा कक्षा 1 से 10 तक एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित सभी पात्र विद्यार्थियों का विवरण संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करना सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने इस कार्य में किसी भी स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.
ये भी पढ़ें: झारखंड के प्राइवेट स्कूलों में भी होगी संताली भाषा की पढ़ाई, जानें कब से शुरू होगी क्लास
ये भी पढ़ें: लातेहार कोर्ट में हिंसा पर हाईकोर्ट सख्त, सभी जिलों के न्यायिक अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा देने का निर्देश
