गुमला. जिला परिषद गुमला की बैठक सोमवार को जिप अध्यक्ष किरण माला बाड़ा की अध्यक्षता में हुई. इसमें जिप सचिव सह डीडीसी दिलेश्वर महतो, उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, सिविल सर्जन डॉक्टर शंभूनाथ चौधरी, जिप सह जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक ललन कुमार रजक, जिला अभियंता सह कार्यपालक अभियंता बलि उरांव समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. बैठक में सर्वप्रथम पूर्व की बैठक में विभिन्न विभागों को दिये गये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गयी. साथ ही राजस्व मद से जनवरी 2026 से फरवरी 2026 तक हुए व्यय का अनुमोदन किया गया. इसके अलावा जिला परिषद गुमला के स्टाफ क्वार्टर के समीप स्थित भूमि पर आय सृजन के उद्देश्य से नया गेस्ट हाउस के निर्माण तथा डीडीसी आवासीय कार्यालय के समीप स्थित डाक बंगला की जर्जर स्थिति को देखते हुए नया रेस्ट हाउस निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गयी. जिले में संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गयी. विशेषकर पशुपालन विभाग अंतर्गत पशुधन बीमा लाभ, कृषि विभाग द्वारा केसीसी, बीज वितरण, धान अधिप्राप्ति व फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी. साथ ही किसानों को धान अधिप्राप्ति से संबंधित प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिया गया. जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित पीएमइजीपी व पीएमएफएमइ योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण, डॉक्टरों की उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड निर्माण की स्थिति एवं स्वास्थ्य अधोसंरचना से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गयी. इसके अलावा जिला कल्याण विभाग द्वारा छात्रवृत्ति वितरण, उद्यान विभाग द्वारा प्राकृतिक खेती, मधुमक्खी पालन व बागवानी योजनाओं, मत्स्य विभाग द्वारा डैम स्टॉकिंग, राशन कार्ड सत्यापन, हर घर नल जल योजना, लघु सिंचाई योजनाएं, शिक्षा विभाग द्वारा पीटीएम आयोजन, आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, श्रमिक निबंधन तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिये गये.
गेस्ट हाउस व रेस्ट हाउस निर्माण प्रस्ताव पर चर्चा
जिला परिषद गुमला की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा
