ईंट भट्ठा व्यवसायी से पांच लाख लेवी वसूलने पहुंचा अपराधी गिरफ्तार

गुमला जिले में पुलिस ने लेवी मांगकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है.

प्रतिनिधि, गुमला

गुमला जिले में पुलिस ने लेवी मांगकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. व्यवसायी मनीष कुमार को जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की लेवी मांगनेवाले आरोपी लालदेश्वर यादव को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी बालूमाथ थाना क्षेत्र के हाथडीह का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पिछले कुछ दिनों से मनीष कुमार को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर अपराधियों ने खुद को पीएलएफआइ संगठन का सदस्य बताते हुए लेवी की मांग की थी. पैसे नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही थी, जिससे परिवार भयभीत था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी को लेवी की रकम लेने के लिए बुलाया. जैसे ही वह पुग्गु बाइपास पर पहुंचा, पहले से सादे लिबास में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे चारों ओर से घेरकर धर दबोचा. गिरफ्तारी इतनी तेज और सटीक थी कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है : गिरफ्तारी के बाद कड़ी पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह की उग्रवादी या आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी धमकियों से घबरायें नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash nath

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >