गुमला. चेंबर ऑफ कॉमर्स गुमला का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सदर थाना पहुंचकर नवनियुक्त थाना प्रभारी दिनेश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को पदभार ग्रहण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इस दौरान शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और व्यवसायियों की सुरक्षा समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी.
चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शहर में चोरी, छिनतई, नशे के कारोबार, असामाजिक गतिविधियों और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि व्यापारिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित माहौल जरूरी है. इसके लिए पुलिस की सक्रियता और नियमित गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता है.
खासकर बाजार क्षेत्र और प्रमुख व्यवसायिक इलाकों में रात्रि गश्ती बढ़ाने पर जोर दिया गया. चेंबर पदाधिकारियों ने कहा कि व्यापारी वर्ग शहर की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ऐसे में दुकानदारों और ग्राहकों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम रहना जरूरी है.
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया. थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाये रखने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जायेगी.
उन्होंने आम लोगों और व्यवसायियों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की. कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जा सकता है. मुलाकात के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार क्षेत्र में सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर निगरानी को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. मौके पर चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी के अलावा दिनेश अग्रवाल, बबलू वर्मा, प्रणय कुमार, गुन्नू शर्मा, रॉकी जायसवाल, अनिकेत कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद थे.
