गुमला: जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के कांसीर जामटोली निवासी हेमंत कुमार सिंह ने अपने सात वर्षीय पुत्र नवीन कुमार सिंह की हत्या और 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री अंशु कुमारी की गिरफ्तारी के मामले में सीआइडी जांच की मांग की है. उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक, अपराध अनुसंधान विभाग (CID), झारखंड रांची को पत्र भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है.
खेत से लौटे तो घर में नहीं था बेटा
हेमंत कुमार सिंह के आवेदन के अनुसार, 15 जून 2026 को वह अपनी पत्नी पार्वती बाई के साथ दोपहर करीब तीन बजे खेत में काम करने गये थे. शाम करीब छह बजे दोनों घर लौटे. उस समय उनकी 15 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी घर में रोटी बना रही थी, जबकि सात वर्षीय नवीन घर पर नहीं था.
इसके बाद परिजनों ने नवीन की तलाश शुरू की. खोजबीन के दौरान उसका शव जंगल में मिला. हेमंत का आरोप है कि बच्चे की हत्या करने के बाद शव को जंगल में छिपाया गया था. घटना की सूचना रायडीह थाना पुलिस को दी गयी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया.
नाबालिग बेटी की गिरफ्तारी पर पिता ने उठाये सवाल
हेमंत का आरोप है कि पुलिस ने मामले में उनकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री अंशु कुमारी को गिरफ्तार कर बाल गृह भेज दिया. उन्होंने दावा किया है कि पुलिस ने वास्तविक आरोपी की भूमिका की जांच करने के बजाय उनकी पुत्री के कथित बयान के आधार पर कार्रवाई की. पिता ने अपनी पुत्री की गिरफ्तारी को लेकर भी निष्पक्ष जांच की मांग की है.
गांव के युवक की भूमिका की जांच की मांग
हेमंत कुमार सिंह ने अपने आवेदन में गांव के ही अभिनंदन कुमार, पिता वंशीलाल सिंह की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस को इस पहलू की भी गंभीरता से जांच करनी चाहिए.
ये भी देंखें: गुमला: जमीन विवाद में भतीजे ने चाची की कुदाल से मारकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार
ये भी देंखें: गुमला में नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
डीजीपी और गृह सचिव को भी भेजी प्रतिलिपि
हेमंत ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीआइडी से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है. उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक, सीआइडी को भेजे आवेदन की प्रतिलिपि झारखंड के डीजीपी और गृह सचिव को भी भेजी है. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
