जारी (गुमला). देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी प्रखंड के विभिन्न शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संस्थाओं में आन, बान और शान के साथ तिरंगा फहराया गया. स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरे प्रखंड में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला. प्रखंड मुख्यालय में प्रमुख उर्मिला केरकेट्टा ने ध्वजारोहण किया.
थाना से स्कूल तक शान से लहराया तिरंगा
थाना परिसर में थानेदार सन्नि कुमार, राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय जारी में बीडीओ रविकांत शर्मा, जारी पंचायत सचिवालय में मुखिया फुलमाईत देवी, आईटीआई में भिंसेंट एक्का, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय जारी में जिप सदस्य दिलीप बड़ाईक व राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीच कोदा में बीआरपी निर्भय कुमार ने ध्वजारोहण किया.
शहीद अलबर्ट एक्का के बेटे-पत्नी को किया सम्मानित
वहीं स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय जारी में आयोजित किया गया. बीडीओ, जिप सदस्य, प्रखंड प्रमुख व मुखिया द्वारा संयुक्त रूप से परमवीर अलबर्ट एक्का के पुत्र भिंसेंट एक्का व पत्नी रजनी एक्का को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. बीडीओ ने कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों ने अपना सर्वस्व त्यागकर हमें आजादी दिलायी. हमें उनके सपनों का भारत बनाना है. उन्होंने बच्चों से कहा कि आप सभी नशा से दूर रहकर मन लगाकर पढ़ाई करें. अनुशासित रहें और देश सेवा के लिए तैयार रहें.
