दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
गुमला: गुमला शहर के आजाद बस्ती निवासी 24 वर्षीय महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट, दुष्कर्म, अप्राकृतिक शारीरिक संबंध, गहने ले लेने, गर्भपात कराने, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शादी के बाद सामने आया विवाद
महिला के आवेदन के अनुसार उसकी शादी 25 मार्च 2026 को खड़िया पाड़ा निवासी युवक से हुई थी. शादी से पहले ससुराल पक्ष ने पति को आर्ट्स ग्रेजुएट, एक्सिस बैंक में कार्यरत और करीब 40 हजार रुपये मासिक कमाने वाला बताया था. इसके अलावा फिल्म और वीडियो एडिटिंग से भी आय होने की जानकारी दी गई थी. महिला का आरोप है कि शादी में उसके पिता ने करीब 5 लाख रुपए नकद, लगभग 10 लाख रुपए के गहने, चारपहिया वाहन और करीब 10 लाख रुपए का घरेलू सामान दिया था. शादी के बाद पति उसे कोलकाता ले गया. वहां महिला ने पति के मोबाइल में दूसरी महिला के साथ कथित आपत्तिजनक तस्वीर देखी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ. 10 अप्रैल को दोनों गुमला लौटे. महिला का आरोप है कि अगले दिन इस मामले को लेकर सास-ससुर ने उसके साथ मारपीट की.
ये भी पढ़ें- रांची यूनिवर्सिटी में पीएचडी के लिए नया रेगुलेशन जारी, 2026-27 से होगा लागू
जेठ पर दुष्कर्म का आरोप
महिला ने अपने आवेदन में पति के बड़े भाई पर कमरे में बुलाकर कथित रूप से दवा देने और बेहोशी जैसी स्थिति में पहुंचने के बाद दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. उसका कहना है कि घटना की जानकारी ससुराल वालों को देने पर सास समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए. महिला ने देवर पर भी गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है. महिला के अनुसार मारपीट के दौरान उसके गहने भी ससुराल वालों ने ले लिए और बाद में उसे कमरे में बंद कर दिया गया. उसने आरोप लगाया कि उस समय वह करीब 7 से 8 हफ्ते की गर्भवती भी थी. घटना के बाद रक्तस्राव होने से उसका गर्भपात हो गया.
अतिरिक्त दहेज की मांग का आरोप
महिला ने पति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया है. आवेदन के अनुसार 20 मई को पति समेत ससुराल वालों ने उसके पिता को बुलाकर साउंड और वीडियोग्राफी का कारोबार बढ़ाने के नाम पर 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की. रुपये देने में असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की गई. महिला का आरोप है कि उसे घरेलू काम के लिए समय-सारणी तक दी गयी थी और अतिरिक्त रुपये नहीं लाने पर नौकरानी की तरह रखने की धमकी दी जाती थी.
मारपीट कर घर से निकालने का आरोप
महिला के अनुसार 22 जुलाई को पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया. आरोप है कि मुकदमा करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मरवाने की धमकी भी दी गई. महिला थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. महिला ने पुलिस को शादी से पहले दिया गया बायोडाटा, मेडिकल और अल्ट्रासाउंड से संबंधित कागजात, कथित दिनचर्या की समय-सारणी तथा जमीन बिक्री के दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- झारखंड में ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत करेगा JUSNL, खरीदेगा 4.25 करोड़ के बिजली उपकरण
