ट्राइबल भूमि से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए प्रशासन गंभीर : डीसी

भूमि विवाद व अंचल संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अंचल दिवस 3.0 सिसई अंचल से शुरू

गुमला. गुमला जिले में भूमि विवाद व अंचल से संबंधित विभिन्न समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित अंचल दिवस 3.0 (तृतीय चरण) का का शुभारंभ शुक्रवार को सिसई अंचल से किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित मुख्य रूप से मौजूद रहीं. उपायुक्त ने अधिकारियों को आमजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया. कहा कि अंचल स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद समेत सभी अंचल संबंधित मामलों का निष्पादन पारदर्शिता, संवेदनशीलता व तत्परता के साथ किया जाये. उपायुक्त ने भूमि विवाद से संबंधित मामलों के संदर्भ में उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी देते हुए कहा कि ट्राइबल भूमि से जुड़े मामलों के निष्पादन के लिए प्रशासन गंभीर है. ऐसे मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जायेगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों को लेकर अंचल दिवस में अवश्य शामिल हो और अपनी समस्याओं का समाधान करायें. शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किये. इस दौरान कुल 82 आवेदन प्राप्त किये गये, जिसमें 70 आवेदनों का ऑन द स्पॉट निदान किया गया, जबकि 12 मामलों में आवश्यक जांच के आदेश दिये गये. भूमि विवाद के आठ मामले आये, जिसमें छह का निष्पादन किया गया तथा दो मामलों को जांच के लिए भेजा गया. दाखिल-खारिज के 24 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया. पंजी-टू सुधार के 11 मामलों में से एक का निष्पादन तथा 10 मामलों में जांच करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित 19 मामलों, पारिवारिक सदस्यता के 10 मामलों तथा भू-धारण/जनशिकायत निवारण दिवस से संबंधित 10 मामलों का भी शिविर में ही निष्पादन किया गया. मौके पर अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राजीव नीरज, सिसई बीडीओ रमेश कुमार यादव, सीआइ चंदरू उरांव, अमीन प्रेम कुमार समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >