गुमला. गुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलगांव पंचायत के गढ़सारू टाटीटोली गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है. वहां एक परिवार को कथित रूप से डायन-बिसाही बता कर न सिर्फ सामाजिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है. पीड़ित परिवार ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगायी है. पीड़ित परिवार के राजेश उरांव (55 वर्ष) ने थाना प्रभारी को दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके ही गांव के पड़ोसी ललकी कुमारी (21 वर्ष) और विरसाय उरांव (19 वर्ष) समेत अन्य लोग पिछले एक वर्ष से उन्हें और उनके परिवार को डायन-बिसाही कह कर लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. आरोप है कि इस दौरान कई बार सार्वजनिक रूप से उन्हें अपमानित किया गया और सामाजिक बहिष्कार की कोशिश की गयी. शिकायत के अनुसार 14 फरवरी 2026 की रात स्थिति और भयावह हो गयी. जब आरोपितों ने 10 से 15 लोगों को बुला कर पीड़ित परिवार के घर के बाहर हंगामा किया. भीड़ ने कथित रूप से घर को घेर लिया और डायन-बिसाही कह कर परिवार के रतन उरांव जानलेवा हमला करने की कोशिश की. परिजनों का कहना है कि भीड़ गाली-गलौज करते हुए चिल्ला रही थी कि तंत्र-मंत्र करना बंद करो, नहीं तो जान से मार देंगे. भयभीत परिवार ने घर के अंदर छिपकर किसी तरह अपनी जान बचायी. राजेश उरांव ने आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि उन्हें और उनके परिवार खास कर पत्नी रतन को जान-माल का गंभीर खतरा है. उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
डायन बिसाही का आरोप लगा जान से मारने की मिल रही धमकी
पीड़ित परिवार ने गुमला थाना में लिखित शिकायत कर लगायी सुरक्षा की गुहार
