गुमला से 21 जायरीन हज पर जायेंगे

गुमला से 21 जायरीन हज पर जायेंगे

गुमला. इस वर्ष जिले से हज यात्रा पर जाने वाले 21 जायरीनों के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार आवश्यक प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. शहर के थाना रोड स्थित अर्स पैलेस में आयोजित इस ट्रेनिंग में सभी चयनित हाजियों ने भाग लिया. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जायरीनों को हज यात्रा के दौरान होने वाले धार्मिक, शारीरिक व प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी देना रहा, ताकि वे यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और सहज रूप से पूरा कर सकें. प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्टेट हज इंस्पेक्टर वाहिद अंसारी ने हज से जुड़ी तमाम महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तार से दी. उन्होंने हज के अरकान, तवाफ, सई, कंकरी मारने की प्रक्रिया, कुर्बानी, मीना-मुजदलिफा और अराफात में ठहराव समेत यात्रा के प्रत्येक चरण को क्रमवार समझाया. उन्होंने हाजियों को आवागमन, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा उपायों और अनुशासन से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिये, ताकि हज यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या परेशानी से बचा जा सके. हज कमेटी के जिला को-ऑर्डिनेटर हाजी हसनैन ने मेडिकल जांच और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि हज एक लंबी और कठिन यात्रा होती है. इसलिए हाजियों का शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है. प्रशिक्षण के दौरान जायरीनों को यह भी बताया गया कि किसी आपात स्थिति में प्रशासनिक और मेडिकल सहायता कैसे प्राप्त की जाये. हाजी हसनैन ने बताया कि इस वर्ष जिले से मो अब्दुल वहीद अंसारी, अंबारी, मो सारिक, बेबी, मोहम्मद, सुफेदा, जाकिर, यासमीन, अब्दुल, तल्हा, जुनैद, फरहत, एजाजुल, शहनाज, मोहम्मद महफूज, शकीला, एनुल, राबिया, मो जहीर उद्दीन, हाफिज महफिजुर रहमान व राशिद समेत कुल 21 जायरीन हज यात्रा पर जायेंगे. हाजी हसनैन ने कहा कि हज एक पवित्र और महत्वपूर्ण धार्मिक यात्रा है, जिसे पूरी तैयारी और अनुशासन के साथ संपन्न करना आवश्यक है. इसको ध्यान में रखते हुए 12 फरवरी को सभी हाजियों के लिए वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गयी है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में सदर अस्पताल गुमला के सिविल सर्जन व डिप्टी सुपरिटेंडेंट से वार्ता हो चुकी है और तय तिथि को समय पर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. हाजी हामिद ने भी प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से हाजियों का आत्मविश्वास बढ़ता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >