ठेकेदार ने डर से सभी वाहनों को थाना में छिपा कर रखा
21 किमी सड़क निर्माण कार्य रुका, सभी वाहनों को थाने में जमा किया
जारी(गुमला) : अलबर्ट एक्का जारी थाना के भिखमपुर से मेराल गांव तक बन रही 21 किमी सड़क का काम अपराधियों ने रंगदारी की मांग को लेकर बंद करा दिया है. सड़क का काम 22 करोड़ रुपये की लागत से स्वर्णिम कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है. अपराधियों की धमकी के बाद ठेकेदार ने सड़क निर्माण में लगे वाहनों को जारी थाना परिसर में रख दिया है. मजदूरों ने काम करना भी बंद कर दिया है. जानकारी के अनुसार, बुधवार को दिन के 12 बजे एक बाइक से तीन लोग कार्य स्थल के समीप आना-जाना किया.
इसी दौरान काम में लगे जेसीबी चालक को किसी ने कॉल किया कि अपने संवेदक से बात कराओ. हम अपराधी नागेश्वर ग्रुप से बोल रहे हैं. ठेकेदार को मिलने बोले थे, अभी तक मिला नहीं है. काम बंद करो, वरना अंजाम बुरा होगा. एक बजे तक काम में लगी कोई भी गाड़ी सड़क पर दिखनी नहीं चाहिए. मेरा तीन आदमी बाइक से गया हुआ है.
ठेकेदार को मिलने बोलो. फोन पर मिली इस धमकी से जेसीबी चालक व काम में लगे सभी मजदूर डर गये. काम बंद कर जेसीबी, ट्रैक्टर सहित सभी वाहनों को जारी थाना परिसर में जमा कर अपने घर निकल गये. ज्ञात हो कि सड़क निर्माण कार्य थाना से महज दो से तीन किमी दूरी पर चल रहा है.
