गुमला : सिसई थाना की पुलिस ने बालू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. सोमवार को पुलिस ने पंडरानी गांव के कंस नदी के समीप से पांच हाइवा, एक ट्रक व एक जेसीबी गाड़ी जब्त की है. इनमें दो वाहनों में अवैध रूप से बालू लोड किया हुआ था. वहीं कंस नदी के किनारे लाखों रुपये का बालू अवैध रूप से उत्खनन कर डंप किया गया था.
पुलिस ने बालू भी जब्त किया है. चूंकि बालू को उठा कर थाना ले जाना संभव नहीं था, इस कारण बालू को नदी के किनारे ही छोड़ दिया गया है. लेकिन सरकारी दस्तावेज में सभी बालू जब्त है. पुलिस के अनुसार, सभी बालू रमेश उरांव व उसके सहयोगियों द्वारा नदी से उत्खनन कर नदी के किनारे रखा गया है. बताया जा रहा है कि जब पुलिस को सूचना मिली तो थाना प्रभारी श्याम बिहारी मांझी पुलिस बल के साथ कंस नदी के समीप पहुंचे.
पुलिस को देख सभी वाहनों के चालक वहां से गाड़ी छोड़ कर भाग गये. जब पुलिस पहुंची, तो नदी के किनारे लाखों रुपये का पाया गया, जिसका अवैध रूप से उत्खनन किया गया है. वहीं नदी के समीप पांच वाहनों को जब्त कर लिया गया. सिसई प्रखंड क्षेत्र में बालू माफियाओं के खिलाफ पुलिस द्वारा की गयी यह सबसे बड़ी कार्रवाई है. हालांकि अभी भी सिसई, बसिया व भरनो क्षेत्र की नदियों से अवैध रूप से बालू का उठाव कर इसे बेचने का खेल चल रहा है.
थानेदार ने खनन पदाधिकारी को लिखा पत्र
इधर, वाहनों को जब्त करने व बालू उत्खनन पाये जाने के बाद सिसई थाना प्रभारी श्याम बिहारी मांझी ने जिला खनन पदाधिकारी गुमला को आवेदन दिया है. आवेदन में कहा है कि पंडरानी से डेढ़ किमी दूर कंस नदी से रमेश उरांव व उसके सहयोगी द्वारा बालू का अवैध रूप से उत्खनन कर जेसीबी से हाइवा व ट्रक में लोड किया जा रहा था.
सूचना के बाद जब पुलिस पहुंची, तो पुलिस को देखते ही बालू लोड कर रहे सभी लोग भाग गये. इसके बाद जेसीबी नंबर जेएच 07 इ – 6035, हाइवा नंबर-जेएच 01 सीयू 4825, जेएच-01 सीयू 5813, जेएच -01 सीएस 3574, जेएच -01 एमपी 2574, जेएच-01 बीडब्ल्यू 4488, ट्रक नंबर सीजी-14 ए 2616 को जब्त कर लिया गया है.
