गुमला : गुमला शहर के पालकोट रोड निवासी एम प्रसाद ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए गुमला थाना में केस दर्ज कराया है. दर्ज केस में उन्होंने लातेहार नवागढ़ के विजय साहू व उसके दो बहनोई प्रकाश साहू व अविनाश साहू को आरोपी बनाया है. दर्ज केस में कहा कि उसकी बेटी तीन जुलाई की दोपहर 12 बजे कॉलेज जाने की बात कह घर से निकली.
उसने कहा कि अगर लिस्ट में नाम होगा, तो नामांकन करा लूंगी. शैक्षणिक प्रमाण-पत्र लेकर केओ कॉलेज गुमला के लिए निकली उनकी बेटी जब अपराह्न तीन बजे तक घर नहीं लौटी, तो उसकी खोजबीन शुरू की गयी. इसी बीच मेरे मोबाइल नंबर पर विजय साहू नामक एक लड़का का फोन आया. उसने कहा कि मैं आपकी बेटी से शादी करना चाहता हूं.
मैं शुरू में कुछ नहीं समझा और गालीगलौज शुरू कर दी, तो उसने फोन काट दिया. कुछ देर बाद उसने पुन: फोन किया और कहा कि तुम्हारी बेटी मेरे कब्जे में है. शादी के लिए तैयार हो जाओ, नहीं तो तुम्हारी बेटी को बेच दूंगा.
इसके बाद मैंने रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी. रिश्तेदारों ने कहा कि निश्चित रहें, आपकी लड़की घर पहुंच जायेगी. फिर रात में विजय के दूसरे बहनोई प्रकाश साहू जो मुंबई शिवजी नगर में रहता है, उसने कहा कि किसी को कुछ नहीं बोलना है. लड़का-लड़की को लेकर मेरे पास मुंबई आयेगा. मैं उन दोनों की शादी करा कर आपलोगों के पास भेज दूंगा. उन्होंने कहा कि नवागढ़ लातेहार निवासी विजय साहू अपने दोनों बहनोई के साथ मिल कर मेरी बेटी का अपहरण किया है.
