चांदनी चौक से 10 वर्षीय छात्र का अपहरण, सूझबूझ से सुरक्षित लौटा घर

बेहोश कर अज्ञात जगह ले गये बदमाश, रात में भाग कर सड़क पर मांगी मदद

घाघरा. घाघरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक इलाके से शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे 10 वर्षीय बालक आरव प्रसाद उर्फ रोलिक का अपहरण कर लिया गया. आरव सिलिटियर एजुकेशनल एकेडमी में कक्षा पांचवीं का छात्र है. उसके पिता की चांदनी चौक पर मोबाइल की दुकान है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे आरव अपने एक दोस्त के घर जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आये एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया. रात करीब 10 बजे जब आरव को होश आया, तो उसने खुद को एक अंजान जगह पर पाया, जहां दो-तीन लोग आपस में बातचीत कर रहे थे. मौका मिलते आरव वहां से भाग निकला और दौड़ते हुए बकसीडीपा पहुंचा. उसने सड़क से गुजर रहे कई वाहनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की. रात करीब साढ़े 11 बजे घाघरा निवासी विवेक जायसवाल अपनी कार से लौट रहे थे. आरव ने उनकी गाड़ी को हाथ देकर रुकवाया और घाघरा पहुंचाने की गुहार लगायी. अंधेरा होने के कारण आरव विवेक को पहचान नहीं सका, लेकिन विवेक ने उसे तुरंत पहचान लिया. जैसे ही विवेक ने उसे उसके घरेलू नाम रोलिक से पुकारा, आरव उनसे लिपट कर रोने लगा और पूरी घटना बतायी. विवेक ने तत्परता दिखाते हुए आरव को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया. इधर, शाम सात बजे तक आरव के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने संभावित स्थानों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने रात करीब 10 बजे घाघरा थाना में लिखित सूचना देकर प्राथमिकी दर्ज करायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >