गोड्डा: गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के बढ़ौना (रौतारा) मोहल्ले में ठेला हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. विवाद के दौरान पड़ोसियों द्वारा किये गये कथित चाकू हमले में 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का प्राथमिक उपचार एक निजी क्लीनिक में कराने के बाद उसे गोड्डा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है. घायल की पहचान बढ़ौना (रौतारा) निवासी सोनू कुमार शर्मा (22), पिता बुद्धिनाथ शर्मा, के रूप में हुई है.
खाना खाने के बाद ठेला हटाने की बात पर हुआ विवाद
घायल के पिता बुद्धिनाथ शर्मा ने बताया कि उनका इकलौता पुत्र सोनू कुमार शर्मा घर के बाहर ठेला मरम्मत का कार्य कर रहा था. इसी दौरान पड़ोसी राजीव दत्ता ने तत्काल ठेला हटाने को कहा. सोनू ने जवाब दिया कि वह पहले भोजन कर लेगा और उसके बाद ठेला हटा देगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया.
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान राजीव दत्ता ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर सोनू कुमार शर्मा पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में चाकू उसके पेट में लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों का बयान दर्ज किया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है तथा आरोपितों की तलाश कर रही है. इधर, घायल युवक का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है.
