प्रतिनिधि, पोड़ैयाहाट : देवडांढ थाना क्षेत्र के खरकिया गांव में बच्चे के विवाद को लेकर रविवार को एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में हलीमा बीबी (32) घायल हो गईं. घायल महिला ने गांव के ही इरफान अंसारी और उनकी पत्नी पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है.
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
हलीमा बीबी ने बताया कि वह अपने घर में चाकू से आलू काट रही थीं. इसी दौरान इरफान अंसारी और उनकी पत्नी घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान इरफान ने उन्हें धमकी भी दी. इसके बाद उन्हें घर से खींचकर अपने घर तक ले जाया गया, जहां फिर मारपीट की गयी. शोर सुनकर देवर और ससुर पहुंचे और उन्हें बचाया.
पति के बाहर रहने का भी लगाया आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि उनके पति मजदूरी के लिए बाहर रहते हैं. पति के बाहर रहने के दौरान आरोपी पक्ष द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
थाना प्रभारी अमित मार्की ने बताया कि विवाद को लेकर दोनों पक्ष थाना पहुंचे हैं. लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
